०वॉलेंटियर टीचर बनने वाले विद्यार्थियों को मिलेंगे 10 बोनस अंक, असाक्षरों के सर्वे और ऑनलाइन प्रविष्टि में तेजी लाने के निर्देश
दंतेवाड़ा,12 जून (आरएनएस)। जिले में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शत-प्रतिशत असाक्षर नागरिकों तक साक्षरता का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री जयंत नाहटा ने समीक्षा बैठक लेकर कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। बैठक कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार आयोजित की गई।बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप असाक्षरों के सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षार्थियों, स्वयंसेवी शिक्षकों और साक्षरता केंद्रों का समयबद्ध चिन्हांकन कर केंद्रों को आकर्षक एवं प्रेरणादायक स्वरूप दिया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को व्हॉलेंटियर टीचर के रूप में जोडऩे पर बल देते हुए कहा कि इस कार्य में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को 10 बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इस प्रावधान की जानकारी गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री प्रमोद ठाकुर ने बताया कि उल्लास नवभारत साक्षरता केंद्रों के संचालन के लिए डाइट के अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का चयन व्हॉलेंटियर टीचर के रूप में किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्राचार्यों से विद्यार्थियों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने तथा उनके पंजीयन एवं अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहन्ती ने विकासखंड एवं संकुल प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्तमान में चल रहे सर्वे प्रपत्रों की ऑनलाइन एंट्री शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि राज्य स्तरीय पोर्टल पर जिले की वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक असाक्षर नागरिकों को अभियान से जोडऩे और साक्षरता कार्यक्रम के उद्देश्यों की सफल पूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में जिला मिशन समन्वयक, सहायक परियोजना समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक, संकुल प्रभारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

