कोण्डागांव,12 जून (आरएनएस)। आगामी नीट परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने शुक्रवार को जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा परीक्षा संचालन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा के आयोजन के लिए जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा, परीक्षा नोडल डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया और पुलिस नोडल डीएसपी रूपेश कुमार सहित पुलिस एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन 21 जून 2026, रविवार को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए दो केंद्र शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं स्वामी सेजेस जामकोटपारा को निर्धारित किया गया है। परीक्षा में जिले के कुल 629 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

