गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 12 जून (आरएनएस)। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सोन नदी के एनीकट के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने सोन नदी में बने एनीकट के किनारे एक शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल मरवाही पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के चेहरे पर खून के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट जानकारी देने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। मृतक के सीने पर जय श्री राम लिखा हुआ गोदना बना हुआ है, जिसे पहचान के एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी खंगालने के साथ-साथ मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
मरवाही पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान उक्त हुलिये या गोदना के आधार पर हो सके तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे मामले की जांच में मदद मिल सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

