रायपुर, 12 जून (आरएनएस)। रायपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। कार्रवाई एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दिलीप सुरेश ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मई 2026 को वह अपनी सीबी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एलएच 9343 को नगर निगम कार्यालय के बाहर खड़ी कर अंदर गया था। कुछ समय बाद लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। अज्ञात चोर वाहन चोरी कर फरार हो गया था।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन चोरी और आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आजाद खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई सीबी शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजाद खान (57 वर्ष), पिता सत्तार खान, निवासी अंबेडकर चौक, थाना गुढिय़ारी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
रायपुर पुलिस ने लोगों से अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा सार्वजनिक स्थानों पर वाहन खड़ा करते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।
0

