नईदिल्ली,12 जून(आरएनएस)। भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर 4 दिन के अंदर 3 जहाजों पर हमलों के बाद एक बार फिर अमेरिकी राजनयिक को तलब किया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रावर को अमेरिकी चार्ज डीअफेयर्स जेसन मीक्स को दूसरी बार बुलाया और गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले जहाज एमटी जलवीर पर हुए अमेरिकी हमले के बाद औपचारिक विरोध दर्ज कराया। इस जहाज में 20 भारतीय नाविक सवार थे और 4 दिनों में यह इस तरह का तीसरा हमला है।
ओमान तट के पास अमेरिका जलवीर के अलावा एमटी मारिवेक्स और एमटी सेट्टेबेलो तेल टैंकर पर हमला कर चुका है। एमटी मारिवेक्स में 24 भारतीय नाविक सवार थे, जिनको संकटकालीन सूचना मिलने के बाद बचा लिया गया। एमटी सेट्टेबेलो में भी 24 भारतीय नाविक सवार थे, लेकिन हमले के बाद 21 को बचाया जा सका और 3 लापता हो गए। एक दिन बाद तीनों के शव बरामद हुए। घटना को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हावी है।
अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने एक बयान में ओमान तट पर लगातार 2 तेल टैंकर पर हमला करने के बाद बयान जारी कर इसे नाकाबंदी का उल्लंघन करने पर हमला बताया है। सेना ने कहा कि यूएसएस अब्राहम लिंकन (सीवीएन 72) के एक एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट ने पलाऊ ध्वज वाले एमटी मारिवेक्स और एमटी सेट्टेबेलो के इंजन कक्ष पर सटीक हमला किया था। सेना ने बताया कि जहाज अमेरिकी चेतावनियों का लगातार उल्लंघन कर रहे थे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

