देहरादून,12 जून(आरएनएस)। वार्ड 84 बंजारावाला में बरसात से पहले जलभराव, नालियों की सफाई, जल निकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों जैसी समस्याओं के समाधान में हो रही देरी को लेकर क्षेत्रवासियों ने रोष जताया। शुक्रवार को लोगों ने शहरी विकास विभाग की एजेंसी यूयूएसडीए के अधिकारियों को घेराव कर समस्याएं गिनाई। अधिकारियों ने तय समय सीमा में कार्य पूरे करने का आश्वासन लोगों को दिया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण कार्य अभी भी धीमी गति से चल रहे हैं। बरसात का मौसम नजदीक होने के बावजूद जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और नालियों की सफाई का काम अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पाया है, जिससे जलभराव की आशंका बनी हुई है।पार्षद रुचि रावत ने कहा कि जनता की समस्याएं उठाते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों और बैठकों के बावजूद कुछ मामलों में अनावश्यक विलंब हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यों में तेजी नहीं लाई गई तो बारिश के दौरान क्षेत्रवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान लक्ष्मण सिंह बिष्ट, विवेक घिल्डियाल, जोगेंद्र रावत, राहुल पवार, अनुज रावत, प्रदीप नेगी और वीर सिंह राणा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

