देहरादून,12 जून(आरएनएस)। कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 39 इंद्रानगर में क्षेत्रवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वामी विवेकानंद पार्क का बहुप्रतिक्षित सौंदर्यकरण कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को कैंट विधायक सविता कपूर ने विधायक निधि से होने वाले इस पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता कपूर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पार्क न केवल नागरिकों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों, मनोरंजन तथा सामाजिक सहभागिता के केंद्र के रूप में भी कार्य करते हैं। स्वामी विवेकानंद पार्क के सौंदर्यीकरण से क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा पार्क की उपयोगिता और आकर्षण में भी वृद्धि होगी। विधायक कपूर ने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लगातार किया जा रहा है। सड़क, पार्क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके। प्राथमिकता क्षेत्र के समग्र विकास के साथ-साथ नागरिकों की आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं को पूरा करना है। इस अवसर पर अमित जोशी, मोहित अरोड़ा, जगमोहन सुंद्रियाल, सोसाइटी अध्यक्ष रेखा थापा, मंजू सुंद्रियाल, जीसी अरोड़ा, एसी चंदोला, सूरज बिष्ट सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

