देहरादून,12 जून(आरएनएस)। शहर में बरसात से पहले मुख्य बाजारों और सड़कों पर बने नालों की सफाई ना होने पर उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जाधारी) अशोक वर्मा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शुक्रवार को वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल नालों की सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र गांधी रोड पर नाले की सफाई न होने से स्थानीय दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बाद भी नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। अशोक वर्मा ने पत्र में कहा कि गांधी रोड पर स्थित ‘हिमालय आर्म्स’ के समीप मुख्य नाला पिछले काफी समय से पूरी तरह बंद (चोक) पड़ा है। इस वजह से मामूली बारिश होते ही पूरी सड़क जलमग्न हो जाती है और पानी दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के भीतर घुस रहा है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संबंध में पिछले कुछ दिनों में दो बार नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन निगम प्रशासन की ओर से अब तक धरातल पर कोई सुध नहीं ली गई है। पत्र में अशोक वर्मा ने सीधे तौर पर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम कार्यालय के बिल्कुल समीप स्थित इस नाले ध्य की सफाई न होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण स्थानीय व्यापारियों में नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ अत्यधिक आक्रोश व्याप्त है, जिससे सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। उन्होंने वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी को मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए युद्धस्तर पर नाला सफाई कार्य शुरू कराने को कहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अशोक वर्मा ने शिकायत की प्रति मुख्कयमंत्री पुष्कर धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को भी भेजी है। ताकि राजधानी की इस प्रमुख समस्या पर उच्च स्तर से भी नजर रखी जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

