कोटद्वार,12 जून(आरएनएस)। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नगर निगम कोटद्वार के लिए प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। पूर्व मंत्री ने कहा कि चयनित भूमि घनी आबादी, शैक्षणिक संस्थानों और हरिद्वार-कोटद्वार-कालागढ़-रामनगर मार्ग के निकट स्थित है। साथ ही यह क्षेत्र मालन और रतलाम नदी के समीप होने से पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। यहां कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित होने से प्रदूषण बढऩे, जल स्रोत प्रभावित होने और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पडऩे की आशंका है। उन्होंने काशीरामपुर तल्ला क्षेत्र में संचालित वर्तमान कूड़ा निस्तारण केंद्र को भी आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग की। साथ ही सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश में स्थित पूर्व में कोटद्वार के लिए आवंटित सीवर फार्म की भूमि को दोबारा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार पहल करे। उत्तर प्रदेश सरकार से समन्वय बनाकर वहां आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र या एसटीपी विकसित किया जा सकता है। नगर निगम बोर्ड वर्ष 2023 में भी इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेज चुका है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

