_जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी_
सिवनी १२ जून (आरएनएस)। मानसून के आगमन के साथ ही ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में सर्पदंश (सांप काटने) की घटनाओं में वृद्धि की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार प्राप्त करें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बरसात के मौसम में सांप अक्सर अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं, जिससे खेतों, घरों और आसपास के क्षेत्रों में उनके संपर्क में आने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी गंभीर दुर्घटनाओं को रोक सकती है।
सर्पदंश से बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां
रात के समय घर से बाहर निकलते समय नंगे पैर न जाएं।
खेत, बाड़ी या जंगल में कार्य करते समय जूते, दस्ताने और टॉर्च का उपयोग करें।
जमीन पर सोने से बचें तथा पलंग या चारपाई का उपयोग करें।
झाडिय़ों, पत्थरों या लकडिय़ों के ढेर में हाथ डालने से पहले सावधानी बरतें।
सांप काटने पर तुरंत करें ये कार्य
पीडि़त व्यक्ति को शांत रखें और अनावश्यक रूप से चलने-फिरने न दें।
सर्पदंश वाले अंग को हृदय के स्तर से नीचे रखें।
तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं।
यदि संभव हो तो सुरक्षित दूरी से सांप की फोटो लें, जिससे पहचान में सहायता मिल सके।
भूलकर भी न करें ये गलतियां
काटे गए स्थान पर कसकर पट्टी न बांधें।
चीरा लगाना, जलाना या किसी प्रकार का घरेलू उपचार न करें।
झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद न करें।
रोगी को कोई पेय पदार्थ या भोजन न दें।
सभी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध है उपचार
स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि जिले के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आदेगांव, कान्हीवाड़ा, भोमा, मुंगवानी, कुडारी, सुनवारा, कहानी, रुमाल, पलारी, उगली, बेहरई, आष्टा, चमारी, ग्वारी एवं खवासा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा, गोपालगंज, कुरई, धनौरा, घंसौर, सिविल अस्पताल लखनादौन, बरघाट, केवलारी तथा जिला चिकित्सालय सिवनी में सर्पदंश उपचार हेतु एंटी-स्नेक वेनम (्रस्ङ्क) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में घबराएं नहीं और बिना किसी देरी के नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्था में पहुंचकर नि:शुल्क उपचार प्राप्त करें। स्वास्थ्य विभाग नागरिकों की सुरक्षा एवं त्वरित उपचार के लिए पूरी तरह तैयार है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

