नईदिल्ली,12 जून(आरएनएस)। अभिनेता सलमान खान और फिल्म काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी के निर्माताओं के बीच का विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। सलमान द्वारा फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की याचिका दायर करने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए फिल्म के निर्देशकों और निर्माताओं को नोटिस जारी किया है। अभिनेता का आरोप है कि ये फिल्म उनकी सहमति के बिना बनाई गई है और इसमें उनके नाम को अंडरवर्ल्ड से जोडऩे की कोशिश की गई है।
दिल्ली हाई कोर्ट की वैकेशन बेंच (छुट्टियों के दौरान बैठने वाली विशेष पीठ) ने 12 जून को सलमान की याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी के निर्माताओं को नोटिस जारी किया। जज नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगाने की मांग पर ये नोटिस भेजा। सलमान ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा और कथित नुकसान को लेकर मुख्य मुकदमे के तहत ये आवेदन दायर किया है।
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 19 जून तय करते हुए फिल्म काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी के निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, भरत श्रीनाते और अक्षय पांडे को नोटिस जारी किया है। फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका भी दाखिल की गई है। कोर्ट ने कहा कि फिल्म का टीजर तय तारीख से पहले जारी हो चुका है, जबकि ये 20 जून को रिलीज किया जाना था।
सलमान ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए चल रहे मुकदमे के तहत फिल्म काला हिरण की रिलीज रोकने की मांग की है। उन्होंने निर्माता अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, निर्देशक भरत श्रीनाते, कास्टिंग निर्देशक अक्षय पांडे और कुछ अज्ञात लोगों को प्रतिवादी बनाया है। सलमान का आरोप है कि फिल्म में उन्हें अंडरवर्ल्ड से जुड़ा दिखाया गया है। इसका पोस्टर भी उनकी छवि को नुकसान पहुंचाता है और इससे उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन होता है।
सलमान ने तर्क दिया कि ये फिल्म उनके काला हिरण मामले में निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन करती है, क्योंकि मामला अब भी राजस्थान हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। उनके मुुताबिक, 29 मई के पोस्टर में दिखाया गया किरदार उनसे मिलता-जुलता है और उसने उनका पहचान वाला ब्रेसलेट भी पहना है। याचिका में मीडिया रिपोर्ट्स और निर्माता अमित जानी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला देकर दावा किया गया है कि फिल्म उसी केस पर आधारित है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

