० घाट मंदिर के पास वाहन चेकिंग में पकड़े गए आरोपी, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर भेजा गया जेल
धमतरी, 13 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 22 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में थाना मगरलोड पुलिस द्वारा ग्राम बोदल बाहरा स्थित घाट मंदिर के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 10-10 लीटर क्षमता वाले दो प्लास्टिक जरीकेनों में कुल 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 05 ्य 6320, जिसकी कीमत लगभग 18 हजार रुपये है, को भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीहूराम लहरे (30 वर्ष) और पकेश्वर लहरे (30 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जामली, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 102/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मगरलोड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

