रायपुर, 13 जून (रायपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर आभार जताया है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले किया गया मोर आवास-मोर अधिकार का वादा पूरा किया और लाखों गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार किया।
विजय शर्मा ने पत्र में पूर्व कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए लिखा कि उस समय प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लिए राशि आवंटित नहीं की गई, जिससे लाखों पात्र हितग्राही आवास से वंचित रह गए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने गरीबों के आवास के लिए राशि उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए विभाग से इस्तीफा तक दे दिया था। डिप्टी सीएम ने लिखा कि भाजपा ने मोर आवास-मोर अधिकार अभियान के दौरान वादा किया था कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में गरीबों के आवास को मंजूरी दी जाएगी। सरकार बनने के बाद 14 दिसंबर 2023 को हुई पहली कैबिनेट बैठक में 18.12 लाख से अधिक आवासों को पूरा करने का संकल्प लिया गया।
इन आवासों को दी स्वीकृति
पत्र के मुताबिक, सरकार ने अपूर्ण 2.46 लाख आवास, 2011 की स्थायी प्रतीक्षा सूची के 6.99 लाख आवास, आवास प्लस सूची के 8.19 लाख आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना के 47 हजार से अधिक आवासों को स्वीकृति दी। इसके अलावा पीएम जनमन योजना और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष परियोजनाओं के तहत भी आवास निर्माण कराया जा रहा है। विजय शर्मा ने दावा किया कि राज्य सरकार ने 26,908 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराकर गरीबों के पक्के मकानों का सपना पूरा किया। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार के गठन के बाद ढाई वर्षों में प्रदेश में 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए गए हैं।
प्रतिदिन बन रहे 1600 मकान
पत्र में छत्तीसगढ़ को देश में आवास निर्माण के मामले में अग्रणी बताते हुए कहा गया है कि अप्रैल से अक्टूबर 2025 के बीच प्रतिदिन करीब 2 हजार आवास पूर्ण किए गए, जबकि वर्तमान में भी प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूरे किए जा रहे हैं। वर्ष 2025-26 में राज्य में 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण होने का दावा भी किया गया है। पत्र के अंत में विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और प्रेरणा से प्रदेश के लाखों गरीबों को पक्का मकान मिल सका है।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

