० युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने रेल मंत्री को भेजा पत्र
० एमसीबी से राजधानी तक सीधी रेल सेवा मिलने से हजारों यात्रियों को होगा लाभ.हफीज मेमन
मनेन्द्रगढ़, 13 जून (आरएनएस)। कोयलांचल क्षेत्र को राजधानी रायपुर से सीधी रेल सुविधा से जोडऩे की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस (18258) को रायपुर तक संचालित करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि चिरमिरी से चलने वाली यह ट्रेन सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच बिलासपुर पहुंचती है। इसके बाद ट्रेन के रैक का उपयोग करते हुए इसे रायपुर तक बढ़ाया जा सकता है। इससे यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त व्यवस्था के राजधानी तक सीधी सुविधा मिल सकेगी।

हफीज मेमन ने बताया कि एमसीबी जिला और आसपास का कोयलांचल क्षेत्र व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिहाज से रायपुर से जुड़ा हुआ है। बड़ी संख्या में व्यापारी अपने कार्यों के लिये रायपुर जाते हैं जबकि छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिये राजधानी का रुख करते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी जरूरत स्वास्थ्य सेवाओं के लिये महसूस होती है। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिये मरीजों को रायपुर जाना पड़ता है लेकिन सीधी ट्रेन नहीं होने से बिलासपुर में ट्रेन बदलने या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे मरीजों और परिजनों को समय और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ती है।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने रेल मंत्रालय से क्षेत्रवासियों की सुविधा, छात्र हित और आर्थिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए चिरमिरी- बिलासपुर एक्सप्रेस को रायपुर तक विस्तार देने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इस जनहित से जुड़े प्रस्ताव पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
०००

