कांकेर, 14 जून (आरएनएस)। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत उत्तर बस्तर कांकेर जिले के संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेकमीटोला के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान लगभग 5 किलोग्राम वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी (IED) बरामद किया गया, जिसे बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी एवं 94वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 14 जून को जिला पुलिस, बीएसएफ एवं बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम टेकमीटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। संभावित खतरे को देखते हुए बीडीएस टीम ने मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
अभियान का नेतृत्व बीएसएफ के सहायक कमांडेंट रमेश कुमार रजक, इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू एवं उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा ने किया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते आईईडी बरामद होने से किसी बड़ी घटना की आशंका टल गई।
कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा अतिरिक्त सतर्कता के साथ लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। लगातार की जा रही कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
0

