0 धमतरी पुलिस ने दिया सुधार का अवसर
धमतरी, 14 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने अपराधियों के पुनर्वास और सामाजिक सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए वर्ष 2014 से अपराध मुक्त जीवन जी रहे एक निगरानी बदमाश को माफी बदमाश श्रेणी में शामिल करने की अनुमति प्रदान की है। पुलिस का कहना है कि कानून का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि सुधार की राह पर चलने वालों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩा भी है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने जिले के सभी निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जो व्यक्ति अपराध की दुनिया छोड़कर पिछले पांच वर्षों या उससे अधिक समय से सामान्य एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं, उन्हें माफी बदमाश श्रेणी में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली धमतरी के निगरानी बदमाश अंकित कौशिक (39 वर्ष), निवासी महिमा सागर वार्ड, धमतरी के आचरण और गतिविधियों का परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि वर्ष 2014 से अब तक वह किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं रहा है और सामाजिक जीवन व्यतीत कर रहा है।
थाना प्रभारी सिटी कोतवाली की रिपोर्ट एवं नगर पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा के आधार पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने अंकित कौशिक को माफी बदमाश ‘अÓ वर्ग में शामिल करने की अनुमति प्रदान की।
धमतरी पुलिस का मानना है कि यह निर्णय उन लोगों के लिए प्रेरणा बनेगा, जो अपराध का रास्ता छोड़कर सम्मानजनक जीवन अपनाना चाहते हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुधार की राह चुनने वाले व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा, जबकि अपराध में संलिप्त रहने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पहल को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक पुनर्वास की दिशा में धमतरी पुलिस का सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

