धमतरी, 14 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूने मकानों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार जंगलपारा नगरी निवासी राधिका साहू ने थाना नगरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5-6 जून को वह अपने घर में ताला लगाकर मातंगी धाम दर्शन के लिए गई थीं। 8 जून को लौटने पर घर का पिछला दरवाजा खुला मिला और अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी चोरी कर ली गई थी। मामले में थाना नगरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर साइबर थाना और नगरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले सूने मकान की रेकी की और फिर पीछे के दरवाजे से घर में घुसकर लोहे की रॉड से अलमारी तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी की थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना नगरी के एक अन्य चोरी प्रकरण में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं मुख्य आरोपी तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का भी खुलासा किया, जिसके आधार पर चोरी गई बाइक बरामद कर ली गई।
बरामद सामान में शामिल
144.11 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें रानी हार, मंगलसूत्र, गुलबंद, झुमके, बाली, अंगूठी और टॉप्स शामिल हैं।
लगभग 2167.845 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनमें करधन, पायल, सिक्के और रिंग शामिल हैं।
11,300 रुपये नगद एवं अन्य सिक्के।
2 एप्पल मोबाइल और 2 विवो मोबाइल फोन।
चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड।
मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र-23-क्क-6597।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ जेवर आरोपी पुष्पजीत खरे ने नोवल जैन को बेच दिए थे, जबकि आरोपी लक्की गुप्ता ने चोरी का कुछ सामान अपनी मां सीमा गुप्ता के पास छिपाकर रखा था। चोरी का माल खरीदने और छिपाने में संलिप्त पाए जाने पर दोनों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू, लक्की गुप्ता, प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल, हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान, पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू, भावेश साहू उर्फ मेलोडी, नोवल जैन और सीमा गुप्ता शामिल हैं।

धमतरी पुलिस ने सराफा व्यवसायियों से अपील की है कि संदिग्ध परिस्थितियों में सोना-चांदी बेचने आने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। वहीं आम नागरिकों से कीमती सामान बैंक लॉकर में सुरक्षित रखने और लंबे समय तक घर सूना न छोडऩे की अपील की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी और जांच अभी जारी है।
0

