धमतरी, 14 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस केवल अपराधियों पर कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि सुधार की राह चुनने वालों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर भी प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में वर्ष 2014 से अपराध मुक्त जीवन व्यतीत कर रहे एक निगरानी बदमाश को पुलिस अधीक्षक धमतरी की अनुमति से माफी बदमाश श्रेणी में शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने जिले के सभी निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जो व्यक्ति अपनी आपराधिक प्रवृत्तियों को छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं और पिछले पांच वर्षों से किसी भी अपराध में संलिप्त नहीं रहे हैं, उन्हें माफी बदमाश श्रेणी में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।
इसी नीति के तहत थाना सिटी कोतवाली धमतरी के निगरानी बदमाश अंकित कौशिक (39 वर्ष), निवासी महिमा सागर वार्ड, धमतरी के रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि वर्ष 2014 से अब तक वह किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं रहा है और सामान्य सामाजिक जीवन व्यतीत कर रहा है।
थाना प्रभारी सिटी कोतवाली की रिपोर्ट और नगर पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने अंकित कौशिक को माफी बदमाश ‘अÓ वर्ग में शामिल करने की अनुमति प्रदान की।
धमतरी पुलिस का मानना है कि कानून का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि सुधार की भावना को बढ़ावा देकर लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩा भी है। पुलिस के इस फैसले को उन लोगों के लिए प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है, जो अपराध का रास्ता छोड़कर सम्मानजनक और जिम्मेदार जीवन जीना चाहते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों की समीक्षा कर सुधार की राह पर आगे बढऩे वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन को बढ़ावा मिल सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

