भाजपा नेता हरगोविंद सिंह की रंग लाई मेहनत, मुख्यमंत्री को सौंपा था मांगपत्र
बाराबंकी 14 जून (आरएनएस)। पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता हरगोविंद सिंह की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकीवासियों को बड़ी सौगात दी है। उनकी मांग को स्वीकार करते हुए लखनऊ से बाराबंकी शहर तक एसी डबल डेकर बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस नई सुविधा से जिले के लोगों को राजधानी तक आने-जाने में काफी राहत मिलेगी। दरअसल, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने पिछले वर्ष सितंबर माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर जनपद की विभिन्न जनहित से जुड़ी मांगें रखी थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांगपत्र में लखनऊ से बाराबंकी मुख्यालय तक इलेक्ट्रिक एसी बसों के संचालन की आवश्यकता बताई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि वर्तमान में लखनऊ से देवा तक संचालित इलेक्ट्रिक बसें चिनहट होकर गुजरती हैं, लेकिन बाराबंकी मुख्यालय तक नहीं पहुंचतीं। इससे जिले के नागरिक इस सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया था कि ये बसें अधिकांश समय खाली ही अपने निर्धारित रूट पर चलती हैं। ऐसे में बसों का रूट लखनऊ से देवा वाया बाराबंकी किए जाने से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी। पूर्व एमएलसी की इस मांग पर कार्रवाई करते हुए अब बाराबंकी शहर से ट्रांसपोर्ट नगर, लखनऊ तक अवध बस स्टॉप के रास्ते एसी डबल डेकर बस सेवा शुरू कर दी गई है। बस सेवा शुरू होने पर शहरवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों को यात्रा का एक आधुनिक एवं सुविधाजनक विकल्प मिल गया है। हरगोविंद सिंह ने मांग पूरी करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपनी दूसरी महत्वपूर्ण मांगों के भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इनमें असैनी मोड़ पर स्थित संकरी सड़क का चौड़ीकरण और वहां एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि असैनी मोड़ पर आकर्षक प्रवेश द्वार बनने से जिले की पहचान और गौरव को नई पहचान मिलेगी तथा बाराबंकी की भव्यता और ऐतिहासिक महत्व को और मजबूती मिलेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

