बाराबंकी 14 जून (आरएनएस)। लोनी कटरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला दहिला चौराहा स्थित एक कंपोजिट शराब दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध काटकर नकदी और शराब पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीडि़त सेल्समैन ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर में लखनऊ जनपद के थाना नगराम क्षेत्र के घोड़सारा गांव निवासी भगौती प्रसाद पुत्र रामदास ने बताया कि वह दहिला स्थित कंपोजिट शराब दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। रविवार सुबह देसी शराब दुकान के दूसरे सेल्समैन ने उन्हें फोन कर दुकान में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान के पीछे की दीवार में सेंध कटी हुई मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान मालिक और मैनेजर को घटना की जानकारी दी। सभी के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस की मौजूदगी में दुकान का शटर खोला गया और स्टॉक का मिलान किया गया। दुकान के स्टॉक और नकदी की जांच के दौरान गल्ले में रखे 20,150 रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा लगभग 3,300 रुपये मूल्य की इंपीरियल ब्रांड की 10 हाफ बोतल शराब भी चोरी पाई गई। कुल मिलाकर चोर करीब 23 हजार रुपये से अधिक का नुकसान कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद लोनी कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। सेल्समैन ने लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाए जाने की आवश्यकता है ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। दहिला चौराहा क्षेत्र में हुई इस सेंधमारी की घटना ने एक बार फिर स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

