सूरजपुर, 15 जून (आरएनएस)। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लंबित अपराधों एवं शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आम जनता से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल और आमजनों से सीधे प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित अपराधों की विवेचना में तेजी लाने, अवैध गतिविधियों पर सख्त अंकुश लगाने तथा तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया गया।
डीआईजी-एसएसपी ने विवेचना में ई-साक्ष्य प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग करने और सीसीटीएनएस में सभी प्रविष्टियों को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। आगामी जोताई-बोवाई के मौसम को देखते हुए जमीन संबंधी विवादों में तत्काल कार्रवाई करने तथा प्रतिबंधात्मक और बाउंड ओवर की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने शाम और रात्रि के समय पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सतत मौजूदगी बनाए रखने तथा घटनास्थल निरीक्षण और डिजिटल साक्ष्य संकलन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरगुजा रेंज के आईजी के प्रस्तावित निरीक्षण की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने, महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा आगामी शैक्षणिक सत्र को देखते हुए स्कूलों और कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। डीआईजी-एसएसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
0

