कवर्धा, 15 जून (आरएनएस)। कबीरधाम पुलिस ने आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) योजना के तहत विद्युत सामग्री के गबन और चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 29 लाख रुपये मूल्य की चोरी की सामग्री और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी शैलेन्द्र वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम कोसमंदा में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे कार्य में उपयोग के लिए लाई गई विद्युत केबल, कंडक्टर एवं अन्य सामग्री को अधिकृत प्रतिनिधि सोनु तिवारी और उसके सहयोगियों द्वारा अवैध रूप से बाहर ले जाकर बेचा जा रहा था।
शिकायत के आधार पर चौकी दशरंगपुर, थाना पिपरिया में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पूरे गबन नेटवर्क का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में सोनु तिवारी, दिनेश प्रताप शर्मा, अभिषेक बघेल, ददनु तिवारी और घनश्याम आजाद शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2470 किलोग्राम विद्युत केबल एवं कंडक्टर, घटना में प्रयुक्त आईशर ट्रक क्रमांक यूपी-14 आरटी-6618 तथा एक महिंद्रा एक्सयूवी 3ङ्गह्र वाहन बरामद किया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 29 लाख रुपये आंकी गई है।
बरामद सामग्री में 6 लाख रुपये मूल्य की विद्युत केबल एवं कंडक्टर, 15 लाख रुपये का ट्रक और 8 लाख रुपये मूल्य की महिंद्रा एक्सयूवी 3ङ्गह्र शामिल है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को 15 जून 2026 को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कबीरधाम के न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों पुष्पेंद्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन में चौकी दशरंगपुर, थाना पिपरिया एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं से जुड़ी सामग्री के गबन, चोरी और आर्थिक अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0

