कवर्धा, 15 जून (आरएनएस)। कबीरधाम पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 90 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद मशरूका की कुल कीमत 42,200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लोहारा और साइबर थाना कबीरधाम की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल के जरिए अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर गुप्ता क्रेशर खदान रोड, ईरीमकता क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG09D7772 पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में उनकी पहचान अमृत कोसरे (34), निवासी उडिय़ाकला, भागवत सोनवानी (19), निवासी ढोढमानवापारा तथा राजाराम पाली (26), निवासी बचेडी, थाना लोहारा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में रखे 90 पौवा देशी प्लेन शराब (शोले ब्रांड) बरामद किए गए। जब्त शराब की कुल मात्रा 16.200 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 7,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये है, को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोहारा निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, प्रधान आरक्षक गिरीश तिवारी, आरक्षक लांस नायक सहित थाना लोहारा एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0

