सिरसा 15 जून (आरएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सिरसा स्थित सरल केंद्र में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम जनता तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। पांच दिवसीय प्रदर्शनी के पहले दिन भाजपा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट एवं एसडीएम सिरसा राजेंद्र कुमार ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया सहित विभिन्न विषय शामिल रहे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। गरीब कल्याण, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है। यह प्रदर्शनी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों के कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोग योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और लाभ के बारे में विस्तार से जान सकेंगे। इससे पहले उपस्थित गणमान्यों ने लघु सचिवालय के पास पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस मौके पर जिला महामंत्री अंबर कुमार, पार्षद एवं मंडल अध्यक्ष सुमन शर्मा, वीरेंद्र सिंह टीना, सुमन सैनी, सागर केहरवाला, अजय शेरपुरा, अंग्रेज ओलख, गणेश चावरिया, सुभाष चौधरी, प्रिंयंका बोमरा, देवराज मोयल आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

