योग को जन-जन तक पहुंचाने व नशा मुक्त समाज बनाने का दिया संदेश
सिरसा 15 जून (आरएनएस)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को योग मैराथन का आयोजन किया गया। योग मैराथन का शुभारंभ जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. आशु शर्मा ने झंडी दिखाकर किया, जो स्थानीय बाल भवन से शुरू होकर शहीद भगत सिंह स्टेडियम में संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, खिलाडिय़ों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए सामूहिक रूप से दौड़ लगाई।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. आशु शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर निरोग रहता है, बल्कि तनाव से मुक्ति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी योग अपनाएं और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्र नागर ने बताया कि 16 जून से 18 जून तक पुन: तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं 19 जून को आयुर ज्योति आयुर्वेदिक महाविद्यालय जोधपुरिया में योग संगोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजित किया जाएगा, जिनमें योग एवं रिसर्च विषय पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि 20 जून को मुख्य कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इसके बाद 21 जून को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर डा. सुचेता तोमर, डा. हेमाराम, डा. उमेश सहगल, डा. सीमा बंसल, डा. कनुप्रिया, डा. मीना, डा. स्मृति, चंद्रप्रकाश, दिनेश, सुरेश सैनी, संजय फार्मासिस्ट खेल विभाग से प्रशिक्षक हरविंदर सिंह, रंजीत सिंह, शंकर सैनी, ओमप्रकाश आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

