हरिद्वार,15 जून(आरएनएस)। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रामधाम कॉलोनी में सोमवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शैलेंद्र (40 वर्ष) पुत्र हरिहर निवासी ग्राम ककवाही कोर्रिया, थाना कोतवाली देहात, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रामधाम कॉलोनी में अपने भाई और भाभी के साथ रह रहा था तथा एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। परिजनों के अनुसार शैलेंद्र के परिवार में पत्नी के अलावा नौ वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गैस प्लांट चौकी प्रभारी चरण सिंह चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

