हरिद्वार,15 जून(आरएनएस)। मानसून सीजन को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में जंगल सफारी का संचालन 15 जून से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। बंद होने से पहले पूरे सीजन में हजारों देशी-विदेशी पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष चीला रेंज में कुल 18,910 पर्यटकों ने सफारी की। इनमें 1,106 विदेशी नागरिक और 17,804 भारतीय पर्यटक शामिल रहे। पर्यटकों की आमद से विभाग को कुल 4915912 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। हालांकि, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पर्यटकों की संख्या में कुछ कमी दर्ज की गई। वर्ष 2025 के पर्यटन सत्र में चीला रेंज में 1,155 विदेशी और 19,697 भारतीय पर्यटकों सहित कुल 20,852 लोगों ने जंगल सफारी का आनंद लिया था। उस दौरान विभाग को 53 लाख 48 हजार 200 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। चीला रेंज के रेंजर दीपक रावत का कहना है कि मानसून के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा, प्रजनन गतिविधियों तथा जंगल मार्गों की स्थिति को देखते हुए प्रत्येक वर्ष निर्धारित अवधि के लिए सफारी बंद की जाती है। बारिश का मौसम समाप्त होने और मार्गों की मरम्मत के बाद पुन: पर्यटकों के लिए सफारी शुरू की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

