New Delhi 16 June (Rns) /- दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि देश में जल्द एक मजबूत प्रधानमंत्री होगा, जो भारतीयों की मौत और अपमान का जवाब देगा। केजरीवाल ने दावा किया कि मौजूदा घटनाओं को लेकर देश के लोगों में गुस्सा है। उन्होंने कहा, “आज पूरे देश का खून खौल रहा है। लोग बहुत ज्यादा गुस्से में हैं।” आप संयोजक ने आरोप लगाया कि ट्रंप से जुड़ी घटनाओं में भारतीयों की मौत हुई, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इस पर कोई कड़ा बयान नहीं आया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर एक शब्द भी नहीं बोला।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो में कहा कि 8 जून, 10 जून और 11 जून को ट्रंप की ओर से हमले किए गए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा, “8 जून को हमला किया, प्रधानमंत्री जी चुप रहे। 10 जून को हमला किया, मोदी जी चुप रहे। 11 जून को हमला किया, मोदी जी चुप रहे।” केजरीवाल ने आगे कहा कि 10 जून को ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के लिए बधाई दी और प्रधानमंत्री ने इसके जवाब में उन्हें धन्यवाद कहा।

