0 योग दिवस और शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियां तेज
जशपुरनगर, 16 जून (आरएनएस)। कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, शाला प्रवेश उत्सव तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित विशेष जनकल्याणकारी अभियान की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंडों में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े।
18 से 20 जून तक लगेंगे विशेष पंजीकरण शिविर
कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री हृड्डह्म्द्गठ्ठस्रह्म्ड्ड रूशस्रद्ब के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के कार्यक्रम के तहत जिले में 18 से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं लाभ वितरण किया जाएगा। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी राजस्व अनुभागों में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों पर जोर
बैठक में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग एवं आयुष विभाग को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा।
व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों से पहले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए मुनादी, कोटवारों एवं अन्य माध्यमों से लोगों तक जानकारी पहुंचाने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने सभी विभागों को पात्र हितग्राहियों का अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बैठक में अभिषेक कुमार, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गंभीरता से निराकरण तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

