अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
सुलतानपुर(आरएनएस )। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मेरा युवा भारत के अंतर्गत विकास खंड स्तर पर दो-दो वालंटियरों के चयन हेतु आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया को लेकर कुछ अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता पर प्रश्न उठाए हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि चयन प्रक्रिया में योग्य एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुछ उम्मीदवारों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार जनपद मुख्यालय पर आयोजित साक्षात्कार में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग किया था। कई अभ्यर्थी दूर-दराज क्षेत्रों से साक्षात्कार देने पहुंचे थे। चयन परिणाम घोषित होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर उनके मन में संदेह उत्पन्न हुआ है। कुछ अभ्यर्थियों का दावा है कि साक्षात्कार के दौरान ही चयनित होने वाले संभावित नामों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया पर बाहरी प्रभाव पडऩे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि चयन प्रक्रिया में अपनाए गए मानकों, प्राप्त अंकों एवं चयन के आधार को सार्वजनिक किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की भ्रांति की स्थिति समाप्त हो सके। साथ ही उन्होंने आवश्यकता पडऩे पर मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की भी मांग उठाई है। इस संबंध में जिला युवा अधिकारी सुधीर पाण्डेय का पक्ष जानने पर उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की जाती है तो नियमानुसार जांच समिति गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर तथ्यों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला आरोपों और आशंकाओं तक सीमित है। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पूर्व संबंधित पक्षों के तथ्यों एवं आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना आवश्यक होगा। प्रशासनिक स्तर पर यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसके परीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

