० 18 से 20 जून तक आयोजित होंगे वृहद पंजीकरण शिविर
कोण्डागांव, 16 जून (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने शिविरों तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली और लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने भी सड़क सुरक्षा हेतु प्रभावी उपायों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण केÓ कार्यक्रम अंतर्गत 18 से 20 जून तक अनुभाग स्तर पर आयोजित किए जाने वाले वृहद पंजीकरण शिविरों की तैयारियों हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक केंद्र एवं राज्य शासन की सभी जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। कलेक्टर ने आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के गरिमामयी आयोजन को लेकर भी समाज कल्याण और आयुष विभाग को निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने तथा पेट्रोल पंपों की सघन जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। आधार अपडेट के लिए विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित करने तथा विद्यार्थियों के आधार संबंधी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम, नियंत्रण और उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, लखपति दीदी योजना, स्वामित्व योजना, जल जीवन मिशन तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

