रायपुर, 16 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी का असर आम उपभोक्ताओं, किसानों और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, इसलिए कांग्रेस इसका विरोध करेगी।
बैज ने बताया कि कांग्रेस 17 जून को प्रदेश के सभी जिलों में बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। 18 जून को सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखा जाएगा। वहीं जुलाई के प्रथम सप्ताह में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाने का अभियान चलाएंगे और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग करेंगे।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने कहा कि नए टैरिफ के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंप उपभोक्ताओं के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। पार्टी का दावा है कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि इससे पहले विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) के रूप में भी लगभग 12 प्रतिशत अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं पर डाला गया था।
दीपक बैज ने कहा कि राज्य में बिजली बिल हाफ योजना बंद होने के बाद उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि जून माह में 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य से अधिक आए हैं और कई स्थानों से बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आने की शिकायतें मिली हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में उपभोक्ताओं को एक ही माह में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अलग-अलग बिल प्राप्त हुए हैं। पार्टी का कहना है कि कई उपभोक्ताओं की अनुबंधित भार क्षमता उनकी सहमति के बिना बढ़ाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिसके कारण अतिरिक्त शुल्क और अर्थदंड जोड़े जाने की बात कही जा रही है।
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने कहा कि राज्यभर से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा बिजली खपत अधिक दर्ज होने और बिल बढऩे की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद वास्तविक खपत की तुलना में अधिक रीडिंग दर्ज होने की शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने इन शिकायतों की जांच कराने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य में बिजली आपूर्ति और बिलिंग व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है। पार्टी का कहना है कि वह इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और संबंधित विभागों के समक्ष उपभोक्ताओं की समस्याएं रखेगी।
पत्रकार वार्ता को वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू और पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, रायपुर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, अमित श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह तथा प्रवक्ता अजय गंगवानी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका आंदोलन आगामी दिनों में चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

