महासमुंद, 16 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से रायपुर ले जाई जा रही नशीली दवाओं की खेप पकड़ी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कोमाखान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के केसिंगा से मोटरसाइकिल के जरिए नशीली दवाएं रायपुर पहुंचाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर नाकेबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोका गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 815 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 9,321 रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 72,321 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोविंद शर्मा, राकेश जंघेल और कमलेश कुमार को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी रायपुर जिले के खमतराई क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि नशीली दवाएं ओडिशा के केसिंगा से खरीदकर रायपुर में खपाने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

