नैनीताल,16 जून(आरएनएस)। मुरादाबाद से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की एक कार मंगलवार को अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि कार नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई की ओर गिरते हुए सरिताताल झील में जा पहुंची। हादसे के बाद कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यूपी नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। मंगोली चौकी प्रभारी भंडारी ने बताया कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

