नैनीताल,16 जून(आरएनएस)। सीएचसी बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू करने, कोटाधरिया तोक को सड़क से जोडऩे और राजमार्ग-71 मार्ग पर हॉटमिक्स कराने की मांग को लेकर बेतालघाट के लोगों ने मंगलवार से आंदोलन शुरू कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा, मनीष पंत, भूपेंद्र बिष्ट और पना बिष्ट ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।सिमलखा से जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आंदोलनकारियों का कहना है कि मांगों के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। संजय बोहरा ने बताया, कि एक जून को उन्होंने कैंची धाम तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 15 दिन के भीतर क्षेत्र की तीन प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की थी।
चेतावनी दी थी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं किए जाने के बाद अब क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। ग्रामीणों की मांग है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई जाए और स्थायी तकनीशियन की नियुक्ति की जाए। सुविधा के अभाव में गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ रहे हैं। सेटी धारकोट के तोक कोटाधरिया तक सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कहा कि सड़क न होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवार पलायन के लिए मजबूर हैं। आपात स्थिति में मरीजों को आज भी डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। भंडारपानी से अमगड़ी, बोहराकोट, गेरियादेव, डौन परेवा और तल्ली सेटी क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधा से जोडऩे की मांग की गई। इस दौरान आंदोलन को समर्थन देने के लिए महेंद्र रावत, प्रेम महाराज, मोहित पंत, धाम सिंह आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

