प्रयागराज,16 जून(आरएनएस)। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए आरडीएक्स बम हमले के आरोपी और माफिया दिलीप मिश्रा की करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस ने अब उसकी 1.10 करोड़ रुपए की एक और बेनामी संपत्ति का पता लगाया है, जिसे जल्द ही कुर्क किया जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया कि मेजा क्षेत्र के सिंलौधी गांव में दिलीप मिश्रा ने दो भूखंड बेनामी तरीके से खरीद रखे थे। इनमें एक भूखंड 9,400 वर्ग मीटर और दूसरा 9,100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का है। पुलिस के अनुसार ये दोनों संपत्तियां दिलीप मिश्रा ने अपनी एक रिश्तेदार महिला की बहू के नाम पर खरीदी थीं। जब संबंधित महिला की आय के स्रोत की जांच की गई तो पता चला कि जिस समय यह संपत्ति खरीदी गई थी, उस दौरान उसकी आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। इसके बाद पुलिस ने संपत्ति कुर्क करने की रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को भेज दी।
सोमवार को पुलिस कमिश्नर की ओर से संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी कर दिया गया। अब इस संपत्ति को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क किया जाएगा।
मेजा स्थित इस संपत्ति पर कार्रवाई महज 25 दिनों के भीतर दिलीप मिश्रा के आर्थिक नेटवर्क पर दूसरी बड़ी चोट मानी जा रही है। इससे पहले 23 मई को पुलिस ने नैनी थाना क्षेत्र के छिवकी इलाके में स्थित उसकी 43 लाख रुपये कीमत की संपत्ति कुर्क की थी।
पुलिस के अनुसार यह मकान भी आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से तैयार किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर नोटिस बोर्ड लगवाकर मुनादी भी कराई थी।
दिलीप मिश्रा का नाम प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए आरडीएक्स हमले के बाद चर्चाओं में आया था। 12 जुलाई 2010 को प्रयागराज के बहादुरगंज इलाके में स्कूटी में छिपाकर लगाए गए रिमोट कंट्रोल बम से नंदी पर हमला किया गया था।
इस विस्फोट में नंद गोपाल गुप्ता नंदी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि वरिष्ठ पत्रकार विजय प्रताप सिंह, राकेश मालवीय समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

