सूर्या और तृषा कृष्णन की करुप्पु ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म किया है और ये अभी भी कुछ जगहों पर सिनेमाघरों में चल रही है लेकिन ये अपना थिएट्रिकल सफर लगभग खत्म कर चुकी है. वहीं ये फि़ल्म पिछले हफ़्ते ओटीटी पर भी रिलीज हो गई है. ऐसे में चलिए यहां जानते हैं इस फिल्म का क्लोजिंग कलेक्शन कितना रहा है?
बता दें कि करुप्पु ने अपने पांचवें हफ्ते के चार दिनों में लगभग 1.75 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिससे इसकी कुल कमाई लगभग 226 करोड़ रुपये हो गई है. अनुमान है कि यह 227 करोड़ रुपये की कमाई के साथ अपना सफऱ पूरा करेगी. वहीं इंटरनेशनल लेवल पर इस फि़ल्म ने लगभग 8.50 मिलियन यूएसडी यानी 81 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिससे इसका दुनिया भर में बॉक्स ऑफि़स कलेक्शन लगभग 307 करोड़ रुपये हो गया है. अनुमान है कि ये दुनियाभर में 308 करोड़ रुपये की लाइफटाइम कमाई कर सकती है. इसी के साथ सूर्या की यह फि़ल्म भारत में अब तक की नौवीं सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली कॉलीवुड फि़ल्म बन गई है जबकि दुनिया भर में यह दसवें नंबर पर है.
वहीं अपने होम टाउन तमिलनाडु में, यह 154 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच रही है, जो अब तक का सातवां सबसे बड़ा कलेक्शन है. करुप्पू ने तमिलनाडु के बाहर भी अच्छा परफॉर्म किया है. खास तौर पर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में इसने अच्छी कमाई की है. बता दें कि इसके तेलुगु डब वर्जन ने लगभग 35 करोड़ रुपये कमाए.
सूर्या का करियर लंबे समय से पटरी से उतरा हुआ था. ऐसे में करुप्पु एक्टर के लिए संजीवनी साबित हुई है. इस फिल्म ने उनकी एक अदद हिट की ख्वाहिश पूरा कर दी है. इन सबके बीच बता दें कि थलपति विजय राजनीति में जाने के लिए सिनेमा से दूर हो गए हैं. वहीं रजनीकांत उम्रदराज़ हो गए हैं, और अजित भी बहुत ज़्यादा फि़ल्में नहीं कर रहे हैं क्योंकि उनकी दिलचस्पी रेसिंग करियर में है. ऐसे समय में, सूर्या की वापसी किसी वरदान से कम नहीं है क्योंकि तमिल फि़ल्म इंडस्ट्री को बड़ी फिल्मों के लिए बड़े स्टार्स की सख्त जरूरत है.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

