नईदिल्ली,17 जून। फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने जोरदार शुरुआत की है। कंसास सिटी स्टेडियम में ग्रुप-जे में अपने पहले मुकाबले में उसने अल्जीरिया फुटबॉल टीम को एकतरफा अंदाज में 3-0 से हरा दिया। इस मुकाबले में अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी लियोनल मेसी ने हैट्रिक लगाते हुए कई रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए। पूरे मुकाबले में अल्जीरिया की टीम एक बार भी मैच में नजर नहीं आई। आइए जानते हैं अर्जेंटीना ने किस तरह जीत दर्ज की।
मेसी ने मैच के 17वें मिनट में गोल पोस्ट से 30 गज की दूरी पर गेंद पर कब्जा जमाया और डिफेंडर को पछाड़ते हुए आगे बढ़े। इसके बाद उन्होंने गोलकीपर लुका जिडान को छकाते हुए शानदार गोल किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद अल्जीरिया ने कई जवाबी हमले किए, लेकिन अर्जेंटीना की रक्षा पंक्ति को नहीं भेद पाए। ऐसे में पहले हाफ के बाद अर्जेंटीना की टीम ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी।
दूसरे हाफ में अर्जेंटीना की टीम पूरी तरह से हावी रही। मैच के 60वें मिनट में अर्जेंटीना मैक एलिस्टर ने जोरदार शॉट लगाया, लेकिन अल्जीरिया के गोलकीपर उसे सही तरह से रोक नहीं पाए। इस पर मेसी ने रिबाउंड में गोल दागकर टीम को 2-0 से आगे किया। 76वें मिनट में मेसी ने अपने ट्रेडमार्क कर्लिंग फिनिश के साथ तीसरा गोल दागते हुए हैट्रिक पूरी की। इसके बाद अल्जीरिया कोई गोल नहीं दाग पाई और 0-3 से मुकाबला हार गई।
अर्जेंटीना ने गोल करने की 9 बार कोशिश की और 6 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इसमें 3 बार उसे सफलता मिली। अल्जीरिया ने 6 बार कोशिश की एक बार भी टारगेट पर शॉट नहीं लगाया। अर्जेंटीना ने 47 प्रतिशत समय तक बॉल पर कब्जा जमाए रखा। उन्होंने 90 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 555 पास पूरे किए। अल्जीरिया ने 53 प्रतिशत गेंद को अपने नियंत्रण में रखा और 593 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 93 प्रतिशत की रही।
इस हैट्रिक के साथ ही मेसी अब फीफा विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से सर्वाधिक गोल दोगने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज की बराबरी की है। दोनों ने विश्व कप में 16-16 गोल दागे हैं। इस सूची में ब्राजील फुटबॉल टीम के प्रमुख खिलाड़ी रोनाल्डो 15 गोल के साथ दूसरे, जर्मनी के गर्ड मुलर और फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे 14-14 गोल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।
मेसी अब फीफा विश्व कप के मैच में एक से अधिक गोल करने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। इसी तरह वह विश्व कप के मैच में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने फीफा विश्व कप मैच में एक से अधिक गोल करने का रोजर मिला का रिकॉर्ड तोड़ा और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ते हुए विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए।
मेसी 6 फुटबॉल विश्व कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले उन्होंने 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 विश्व कप में भी अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन वह कभी हैट्रिक नहीं बना पाए थे। ऐसे में आखिरकार अपने छठे विश्व कप में उन्होंने यह कारनामा कर लिया। सर्वाधिक विश्व कप खेलने के मामले में पुर्तगान के क्रिस्टियानों रोनाल्डो भी मेसी के साथ खड़े हैं। वह भी पुर्तगाल की ओर से यह विश्व कप खेलने आए हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

