० कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त बेल्ट, डंडा, पत्थर और स्कूटी जब्त
अंबिकापुर, 17 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले में छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 विधि से संघर्षरत बालकों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट, डंडा, पत्थर और स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को एक युवती ने कोतवाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपने भाई के साथ स्कूटी से गांधी चौक की ओर जा रही थी। मिशन अस्पताल के पास पहुंचने पर अतुल ताम्रकार ने उसका रास्ता रोककर गलत नियत से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर अतुल ताम्रकार, रोहित केडिया और उनके अन्य साथियों ने युवती के भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, पत्थर और डंडे से मारपीट की।
पीडि़ता की शिकायत पर थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल 5 विधि से संघर्षरत बालकों के साथ दो बालिग आरोपियों अतुल ताम्रकार (21 वर्ष) और रोहित केडिया (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने बताया कि पांचों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जबकि दोनों बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

