दुर्ग, 17 जून (आरएनएस)। पूर्व विवाद और आपसी रंजिश के चलते तीन युवकों पर डंडे एवं धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने वाले पांच आरोपियों को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल निवासी रूखमणी मारकण्डेय ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 जून की रात करीब 8 बजे पुराने विवाद को लेकर मोहल्ले के हर्ष साहू, दिनेश साहू उर्फ दीनू, विजय यादव उर्फ करण यादव, परिचय उर्फ गुलशन, मोह. आसिफ एवं अन्य साथियों ने संतु मारकण्डेय, सतीश मारकण्डेय और दीपक साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
आरोपियों ने डंडे और धारदार हथियार से हमला कर तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश प्रारंभ की।
मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 109(1), 191(2), 191(3), 3(5) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व विवाद के कारण घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा और धारदार हथियार बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू (18 वर्ष), दिनेश साहू उर्फ दीनू (40 वर्ष), विजय यादव उर्फ करण यादव (21 वर्ष), परिचय उर्फ गुलशन यादव (20 वर्ष) और मोह. आसिफ (22 वर्ष), सभी निवासी बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल शामिल हैं। इसके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना जामुल पुलिस टीम एवं विवेचना स्टाफ की त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

