बिलासपुर, 17 जून (आरएनएस)। ट्रक यार्ड से टायर चोरी करने वाले आरोपियों को थाना हिर्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी हुए चार नग टायर डिस्क सहित 100 प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी दीपक सिंह मरकाम ने थाना हिर्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जून की रात 8 बजे से 10 जून की सुबह 9 बजे के बीच ग्राम झलफा स्थित विश्वकर्मा गैरेज में खड़े ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीआईआई 0757 के चार नग टायर डिस्क सहित चोरी हो गए हैं। चोरी गए टायरों की कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिर्री दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
विवेचना के दौरान 16 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तीन युवक ट्रकों से चोरी किए गए टायरों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। मुख्य आरोपी ऋषि धीवर ने बताया कि उसने अपने साथी संदीप कश्यप, शेखर चन्द्राकर और अन्य साथी के साथ मिलकर 9 जून की रात टायर चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी ऋषि धीवर (27 वर्ष), निवासी सेमरताल थाना कोनी, संदीप कश्यप (32 वर्ष) एवं शेखर चन्द्राकर (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गढ़वट थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए चारों टायर डिस्क सहित बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना हिर्री पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

