एवियन/नईदिल्ली,17 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री स्थिरता और पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के उद्देश्य से किए गए प्रयासों के लिए ट्रंप की सराहना की और होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से वैश्विक व्यापार के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप से कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत ने हमेशा नौवहन की स्वतंत्रता के महत्व पर बल दिया है और हमें इस मुद्दे पर मिलकर काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य सहित दुनिया भर में करोड़ों नाविक अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहे हैं। ऐसे में उन पर हमले ठीक नहीं है। हमारे लिए भी भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने पश्चिम एशिया में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा, जब तक प्रधानमंत्री मोदी नेता हैं, पश्चिम एशिया में भारत की बड़ी भूमिका है। उन्होंने दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान की सराहना करते हुए कहा, प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका में बहुत पैसा खर्च कर रहे हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, हमने विशेष रूप से भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छी बातचीत की। हम व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। वह (मोदी) लंबे समय से मेरे दोस्त हैं और हमारा रिश्ता हमेशा से बहुत अच्छा रहा है। उन्होंने कहा, वह सबसे खूबसूरत दिखने वाले व्यक्ति हैं। वह बहुत अच्छे दिखते हैं। वह किसी देवदूत की तरह हैं। वह बहुत सख्त भी है, लेकिन नेता के रूप में इतने आकर्षक दिखते हैं की आपको चौंका देते हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत के प्रति अपने समर्थन की पुष्टि करते हुए कहा, जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में उनका (भारत) एक महान मित्र है। यहां हर कोई भारत से प्यार करता है और इस व्यक्ति (मोदी) के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है। उन्होंने अपने समर्थन के रूप में कहा, अगर भारत में प्रधानमंत्री मोदी जैसे नेता हैं और भारत पर हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए हमेशा मौजूद मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी 2020 की भारत यात्रा को याद करते हुए कहा कि पिछली बार भारत में उनका अनुभव शानदार रहा था। उन्होंने कहा, हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया और मुझे लगता है कि वहां 3000-4000 लोग थे। इसकी बैठने की क्षमता लगभग डेढ लाख थी और बाहर ढाई लाख लोग थे। मैदान पर एक लाख लोग थे। मुझे नहीं पता कि ये रिकॉर्ड टूटे हैं या नहीं, लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका और भारत के बीच संबंधों को असाधारण रूप से मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देश पहले कभी इतने करीब नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा, हमारे बीच बेहतरीन संबंध हैं। हम इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अमेरिका और भारत के बीच घनिष्ठ साझेदारी दोनों देशों के नेताओं के बीच मजबूत तालमेल में निहित है। इस दौरान उन्होंने जल्द ही दोबारा भारत आने का भी ऐलान किया।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

