रायगढ़, 18 जून (आरएनएस)। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का शौक एक नवविवाहिता के लिए जानलेवा साबित हुआ। शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले में 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना का पूरा घटनाक्रम उसके मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुआ है।
मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोपहर में जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे की दरार से झांककर देखा तो विशाखा फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है। बताया जा रहा है कि वीडियो में वह फंदा लगाकर रील रिकॉर्ड करती हुई नजर आ रही है। आशंका है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला महज हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

