महासमुंद, 18 जून (आरएनएस)। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा में एक खेत से अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई है और शव की पहचान के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम तुरेंगा में खेमसिंह दीवान के खेत में करीब 25 से 30 वर्ष आयु की एक अज्ञात महिला का शव मिला। शव पर गले, जबड़े और ठोड़ी के पास धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतका ने नीले रंग का गाउन (नाइटी), कत्थई रंग का पेटीकोट और संतरी रंग की चुनरी पहन रखी थी। उसका रंग गोरा, चेहरा गोल और कद लगभग 5 फीट बताया गया है। दोनों हाथों में हरे रंग की चूडिय़ां और एक कत्थई रंग का कंगन, गले में लाल रेशमी धागे में बाजारू मंगलसूत्र, दोनों पैरों में पायल और बिछिया पहनी हुई थी। पैरों के नाखूनों पर लाल रंग की नेल पॉलिश भी लगी हुई थी। पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों से अपील की है कि यदि किसी थाने में इस हुलिये से मिलती-जुलती महिला की गुमशुदगी दर्ज है या किसी व्यक्ति को मृतका के संबंध में जानकारी है, तो तत्काल थाना पटेवा या पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद हत्या की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

