दुर्ग, 18 जून (आरएनएस)। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए बोरसी क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे बने अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने कई अवैध निर्माणों और व्यावसायिक उपयोग में लाई जा रही दुकानों को हटाया।

जानकारी के अनुसार, रेलवे लाइन के आसपास लंबे समय से लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया था। नगर निगम की ओर से संबंधित लोगों को कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। इसके बाद गुरुवार को नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान विशेष रूप से उन दुकानों को हटाया गया, जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक भूमि और रेलवे क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं करने और नियमानुसार निर्माण करने की अपील की है।
बंछोर
000

