कोरिया, 18 जून (आरएनएस)। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई और कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी गई है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चिन्हित क्षेत्रों और क्रेशर प्लांट से 300 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के घातक हथियार, विस्फोटक सामग्री के साथ जुलूस, धरना-प्रदर्शन और आमसभा पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर वितरण और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है।

० पुरानी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह अपने साथियों योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह और नागेंद्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी स्थित मनोज त्रिपाठी के घर पहुंचे थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य आरोपियों ने भरत सिंह की फॉच्र्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
० पुलिस-प्रशासन अलर्ट
घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बंछोर
000

