लीड्स,18 जून। भारतीय महिला टीम का टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है. भारत ने टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में नीदरलैंड को 95 रनों से हरा दिया. मैच स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया. मंधाना ने 74 रन बनाए जबकि शेफाली ने 55 रन और 3 विकेट भी हासिल किए. इस बड़ी जीत के साथ ग्रुप ए में भारत और ऑस्ट्रेलिया के 4-4 अंक हो गए हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से भारत पहले स्थान पर पहुंच गया है. भारत का नेट रन रेट +3.975 है जबकि ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेड +3.875 है.
मैच की बात करे तो पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मंधाना (47 गेंद में 11 चौके और एक छक्का) और शेफाली (38 गेंद, 10 चौके) ने नीदरलैंड के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी निभाई. इससे भारतीय टीम पांच विकेट पर 209 रन का स्कोर खड़ा कर विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही. जवाब में नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई. यह उसकी लगातार दूसरी हार थी. उसके लिए कप्तान बाबेटे डि लीडे 27 गेंद में 28 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं.
पहले मैच में बांग्लादेश से हारने वाली नीदरलैंड की बल्लेबाज शुरू में संभलकर खेलीं। लेकिन फिर लगातार विकेट गंवाने से कोई अहम साझेदारी नहीं बना सकीं. टीम की कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सकीं. टीम ने अंतिम सात विकेट 23 गेंद में गंवा दिए. भारतीय गेंदबाजों में श्री चरणी सबसे सफल रहीं जिन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट झटके.
शेफाली वर्मा ने अपने हरफनमौला खेल से नीदरलैंड की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई. अर्धशतक जडऩे के बाद उन्होंने 3.2 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके. इस तरह वह हेली मैथ्यूज और सुने लुस के बाद महिला टी20 विश्व कप मैच में अर्धशतक और तीन विकेट लेने वाली तीसरी खिलाड़ी बन गईं. नंदनी शर्मा ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो विकेट प्राप्त किए जबकि अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा को एक विकेट मिला. भारतीय महिला टीम का अगला मैच 21 जून को साउथ अफ्रीका से होगा.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

