दुर्ग, 18 जून (आरएनएस)। जिले में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश के दौरान यातायात पुलिस दुर्ग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित मार्गों पर राहत एवं यातायात प्रबंधन का कार्य किया। सड़कों पर गिरे पेड़ों, अवरोधों और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य बनाया गया, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली।
जानकारी के अनुसार 17 जून की शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान और भारी वर्षा के कारण जिले के कई शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के चलते अनेक स्थानों पर पेड़ और उनकी शाखाएं सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। लगातार बारिश और कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से दृश्यता भी काफी कम हो गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। नगर निगम, स्थानीय प्रशासन तथा नागरिकों के सहयोग से सड़कों पर गिरे पेड़ों और अन्य अवरोधों को हटाया गया तथा मार्गों को सुरक्षित बनाया गया।
बारिश के दौरान कुछ वाहन डिवाइडरों पर चढ़ गए थे, जिन्हें क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात को सुचारू किया गया। वहीं जलभराव और कम दृश्यता वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई तथा वाहन चालकों को सुरक्षित मार्गों की जानकारी और आवश्यक समझाइश दी गई।
प्रतिकूल मौसम के बावजूद यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी देर रात तक फील्ड में डटे रहे और प्रभावित मार्गों पर यातायात बहाल करने में जुटे रहे। त्वरित कार्रवाई के चलते अधिकांश मार्गों पर कम समय में यातायात सामान्य हो गया।
यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों से अपील की है कि आंधी-तूफान और भारी बारिश के दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, गति नियंत्रित रखें तथा जलभराव वाले मार्गों में विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी सड़क अवरोध, दुर्घटना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
0

