० नागरिकों ने बड़ी संख्या में योजनाओं का लाभ लेने कराया पंजीयन
० मौके पर मिले आवेदन, पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में मिलेगा लाभ
रायपुर, 18 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन रायपुर के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद तिल्दा नेवरा में एक दिवसीय वृहद पंजीयन एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ नागरिकों तक त्वरित गति से पहुंचाना है।
इस शिविर का आयोजन 19 जून को शासकीय हाई स्कूल खपरीकला एवं 20 जून को सांस्कृतिक भवन खरोरा में किया जाएगा।
शिविर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, महतारी वंदन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, जल जीवन मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, उज्ज्वला योजना एवं श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं के लिए पृथक-पृथक स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदकों से फॉर्म लिए और पात्रता की जानकारी दी।
तिल्दा नेवरा क्षेत्र के नागरिकों व वार्डों के हितग्राहियों ने बड़ी संख्या में नवीन पंजीयन, मांग एवं त्रुटि सुधार के आवेदन प्रस्तुत किए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर उन्हें ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ दिया जा सके।
शिविर में नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, विभागों के नोडल अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

