रायपुर, 18 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार रात 8:30 बजे सभी मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक मुख्यमंत्री निवास में बुलाई है। बैठक को आधिकारिक तौर पर विभागीय कार्यों की समीक्षा बताया जा रहा है, लेकिन इसके समय और स्वरूप को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार मंत्रियों को बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन एजेंडा की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में इस बैठक को लेकर सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर कयासों का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विभागों के कामकाज, योजनाओं की प्रगति और जनहितकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक बैठक में लंबित परियोजनाओं, विकास कार्यों की स्थिति और आगामी योजनाओं की प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री मंत्रियों के विभागीय प्रदर्शन का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं। सरकार विकास कार्यों में तेजी और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दे रही है।
वहीं, भाजपा संगठन में संभावित बदलावों और मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं के बीच बुलाई गई इस बैठक ने राजनीतिक महत्व और बढ़ा दिया है। हालांकि सरकार या पार्टी की ओर से किसी फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक केवल प्रशासनिक समीक्षा तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि आने वाले दिनों में सरकार की कार्यशैली और राजनीतिक रणनीति के संकेत भी दे सकती है। अब सभी की निगाहें बैठक के बाद सामने आने वाले फैसलों और संकेतों पर टिकी है
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

